पंजाब की भगवंत मान सरकार ने आदर्श स्कूलों में पढ़ा रहे शिक्षकों के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने करीब 1,100 शिक्षकों की सैलरी में 120 फीसदी से ज्यादा बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इसके बाद इन शिक्षकों की मासिक तनख्वाह ₹10,000 से बढ़कर ₹22,000 से ज्यादा हो जाएगी।
दो दशक से कम वेतन पर कर रहे थे काम
सरकार के मुताबिक, आदर्श स्कूलों के कई शिक्षक लंबे समय से कम वेतन पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। सरकार ने इस फैसले को शिक्षकों के साथ लंबे समय से चली आ रही असमानता को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। सैलरी बढ़ने से शिक्षकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
1,100 शिक्षकों को मिलेगा फायदा
इस फैसले से पंजाब के आदर्श स्कूलों में काम कर रहे करीब 1,100 शिक्षक लाभान्वित होंगे। इन स्कूलों में फिलहाल 15,000 से अधिक विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। ये स्कूल CBSE से संबद्ध हैं और राज्य की स्कूल शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
केंद्रीय विद्यालयों जैसी सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यह भी कहा कि आदर्श स्कूलों के शिक्षकों को केंद्रीय विद्यालयों की तर्ज पर बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में काम किया जाएगा। सरकार का फोकस शिक्षकों के वेतन के साथ उनके कामकाजी माहौल और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी है।
शिक्षकों को बताया शिक्षा व्यवस्था की रीढ़
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनका मानना है कि जब शिक्षक खुद सुरक्षित और सम्मानित महसूस करेंगे, तभी बच्चों के भविष्य को बेहतर तरीके से तैयार किया जा सकेगा। सरकार ने शिक्षक कल्याण और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है।
