पंजाब में सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस और BSF ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर सीमा पार से लाई गई नशीली खेप बरामद की है। कार्रवाई फिरोजपुर के गांव गजनीवाला के खेतों में की गई।
47.5 किलो नशीला पदार्थ बरामद
काउंटर इंटेलिजेंस को मिली विशेष सूचना के आधार पर इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान 44.5 किलोग्राम हेरोइन और करीब 3 किलोग्राम ‘आइस ड्रग’ बरामद की गई। बरामद नशीले पदार्थ की कुल मात्रा करीब 47.5 किलोग्राम बताई गई है।
गजनीवाला के खेतों में मिला कंसाइनमेंट
पुलिस के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान खेतों में छिपाकर रखी गई कथित तस्करी की खेप बरामद हुई। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस खेप को पंजाब में कौन लेकर आया और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
मामले में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल, फाजिल्का में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां बरामदगी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं।
सीमा पार नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रहीं
जांच का अगला फोकस इस तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक तलाशने पर है। पुलिस सीमा पार बैठे कथित हैंडलरों और उनके संपर्क में रहने वाले लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पंजाब पुलिस और BSF की ओर से सीमा क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई जारी है।
