पंजाब में खेलों को बढ़ावा देने के लिए आयोजित की जा रही ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ सीजन-4 की मशाल पठानकोट पहुंच गई। मशाल के पहुंचने पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक की अगुवाई में इसका स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पार्टी की स्थानीय लीडरशिप के साथ बड़ी संख्या में आम लोग भी शामिल हुए।
युवाओं को खेलों से जोड़ने पर जोर
मंत्री कटारूचक ने युवाओं से अपील की कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में खेलों का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ रखने के साथ उन्हें सकारात्मक दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार की ओर से ऐसे आयोजनों के जरिए पंजाब में खेल संस्कृति को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
ब्लॉक से राज्य स्तर तक होंगे मुकाबले
मंत्री के मुताबिक, ‘खेडां वतन पंजाब दियां-4’ के तहत ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में अलग-अलग उम्र और वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।
खिलाड़ियों के लिए करोड़ों के पुरस्कार
सीजन-4 में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए करोड़ों रुपये के पुरस्कार दिए जाने की बात भी कही गई है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और पंजाब की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका देना है।
मशाल ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
पठानकोट में मशाल के स्वागत के दौरान लोगों और युवाओं में खास उत्साह दिखाई दिया। मंत्री कटारूचक ने खिलाड़ियों और युवाओं को खेलों के प्रति समर्पित होकर आगे आने का न्योता दिया और ‘खेडां वतन पंजाब दियां-4’ में ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
