पंजाब में श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि सरकार इस ऐतिहासिक अवसर को पूरी संगत के साथ मिलकर बड़े स्तर पर मना रही है।
649वें प्रकाश पर्व पर हुई थी घोषणा
हरपाल चीमा के अनुसार, पिछले यानी 649वें प्रकाश पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की थी कि 650वां प्रकाश पर्व पूरे पंजाब में संगत को साथ लेकर मनाया जाएगा। इसके लिए सरकार ने अलग से 100 करोड़ रुपये का बजट रखा है।
इस राशि से प्रकाश पर्व से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है।
गुरु रविदास जी की बाणी के प्रचार पर जोर
सरकार का कहना है कि गुरु रविदास जी की बाणी और उनके विचारों को पंजाब के साथ-साथ देश और विदेश तक पहुंचाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों के जरिए नई पीढ़ी को गुरु साहिब की शिक्षाओं और सामाजिक संदेश से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
बाणी अध्ययन सेंटर में होगी रिसर्च
हरपाल चीमा ने बताया कि श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन सेंटर भी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यहां युवा गुरु साहिब की बाणी का अध्ययन कर सकेंगे और उससे जुड़े विषयों पर अपनी रिसर्च तैयार करेंगे।
दुनिया तक पहुंचाने की तैयारी
मंत्री ने कहा कि गुरु साहिब की बाणी और उनके विचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सरकार के प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके लिए अध्ययन, शोध और प्रचार से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
