पंजाब के बठिंडा में कैबिनेट मंत्री रवजोत सिंह ने NRI मिलनी कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें आसपास के 7 जिलों से आए प्रवासी भारतीयों (NRIs) ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विदेशों में रहने वाले पंजाबियों की समस्याओं को सुनना और उन्हें सरकारी स्तर पर समाधान उपलब्ध कराना रहा।
मौके पर कई मामलों का निपटारा
NRI मिलनी के दौरान प्रवासी पंजाबियों ने अपनी अलग-अलग समस्याएं और शिकायतें मंत्री के सामने रखीं। संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में कई मामलों पर तुरंत कार्रवाई की गई और कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। इससे लोगों को अपनी शिकायतों के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
बाकी मामलों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा
जिन मामलों का समाधान मौके पर नहीं हो सका, उन्हें लेकर मंत्री रवजोत सिंह ने संबंधित विभागों को जल्द कार्रवाई करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि बाकी समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने की कोशिश की जाएगी।
NRI समुदाय से मजबूत संपर्क पर जोर
कार्यक्रम में सरकार और प्रवासी पंजाबियों के बीच सीधे संवाद को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। NRI समुदाय पंजाब के सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे कार्यक्रमों के जरिए विदेशों में रहने वाले पंजाबियों की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने का रास्ता आसान बनाने की कोशिश की जा रही है।
