
पंजाब में शनिवार को भी मौसम ने करवट बदली और राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज़ हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने पंजाब के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। जानकारी के मुताबिक, इन इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को भी राज्य के कुछ जिलों में बारिश हुई थी, जिससे कई स्थानों पर नुकसान की खबरें सामने आई हैं।
संगरूर में बड़ा नुकसान, टावर गिरा और पेड़ टूटे
संगरूर जिले में तेज़ हवाओं के कारण एक मोबाइल टावर गिर गया जिससे 4-5 घरों की छतों को नुकसान पहुंचा। वहीं, कई सड़कों पर पेड़ गिरने से रास्ता भी बाधित हुआ। एक कार पर भी पेड़ गिरने की खबर है, हालांकि गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। भवानिगढ़ क्षेत्र में तेज़ हवाओं के कारण एक टेलीकॉम कंपनी का टावर लोगों के घरों पर गिर गया जिससे 3-4 मकानों के लेंटर टूट गए और एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
किसानों पर दोहरी मार, फसलें हुईं खराब
इस समय राज्य भर में किसान गेहूं की कटाई में जुटे हुए हैं। कई किसानों की फसल कटने के बाद खुली मंडियों में पड़ी हुई है। ऐसे में बारिश और तेज़ हवाएं उनके लिए दोहरी मुसीबत बन गई हैं। कहीं-कहीं तो फसलें बुरी तरह बर्बाद हो गई हैं। तरनतारन के घरियाली दासूवाल गांव में तेज़ बारिश, आंधी और ओलावृष्टि ने किसानों की गेहूं की फसल को तबाह कर दिया।
किसान अब भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि यह प्राकृतिक आपदा जल्द खत्म हो ताकि उनकी मेहनत की कमाई बच सके।
गर्मी का भी दिख रहा असर, तापमान सामान्य से अधिक
बारिश और हवाओं के बावजूद राज्य में गर्मी का असर भी लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में औसत अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस का इज़ाफा हुआ है। फिलहाल, पंजाब का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है।
बठिंडा में सबसे ज्यादा तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि पूरे पंजाब में सबसे अधिक रहा। लुधियाना में 39.0 डिग्री, पटियाला में 38.8 डिग्री और मोगा में 38.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
कुछ जिलों में हल्की बारिश दर्ज, अलर्ट जारी
शुक्रवार को जारी ऑरेंज अलर्ट के दौरान मोगा में 4 मिमी, लुधियाना और फिरोज़पुर में 2-2 मिमी बारिश दर्ज की गई। आज भी हिमाचल प्रदेश से सटे पंजाब के जिलों जैसे पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब और संगरूर में बारिश और तेज़ हवाओं के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।पंजाब में बदलता मौसम जहां गर्मी से थोड़ी राहत दे रहा है, वहीं किसानों के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है। सरकार और मौसम विभाग की अपील है कि लोग सतर्क रहें और बारिश के समय खुले में फसल न रखें। मौसम की ताज़ा जानकारी पर ध्यान देना अब बेहद ज़रूरी हो गया है।