
पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में चल रहा बड़ा अभियान लगातार तेज हो रहा है। सरकार ने साफ कर दिया है कि राज्य को नशे से मुक्त करना उसकी शीर्ष प्राथमिकता है। इसी कड़ी में आज एक बार फिर बड़ी कार्रवाई होने जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोगा जिले में पंजाब पुलिस आज एक नामी नशा तस्कर की प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलाने वाली है। पुलिस का यह ऑपरेशन मोगा में नशे के नेटवर्क को तोड़ने की एक बड़ी कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस ने पहले से पूरी तैयारी कर ली है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि नशा तस्करों की अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को ध्वस्त करने का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। पंजाब पुलिस ने हाल के दिनों में नशा कारोबारियों के खिलाफ ताबड़तोड़ एक्शन लिया है। पिछले 55 दिनों में पंजाब पुलिस ने कुल 7295 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो इस अभियान की गंभीरता को साफ दर्शाता है।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि अवैध नशा व्यापार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वो कितने भी रसूखदार क्यों न हों, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बुलडोजर की इस कार्रवाई का मकसद नशा तस्करों को साफ संदेश देना है कि पंजाब में अब उनके लिए कोई जगह नहीं है।
पुलिस और प्रशासन की यह जॉइंट कार्रवाई राज्यभर में नशे के खिलाफ छेड़ी गई जंग को और मजबूत करेगी। लोगों में भी सरकार के इस कदम को लेकर खासा उत्साह और समर्थन देखने को मिल रहा है।
ज़्यादा अपडेट्स के लिए जुड़े रहें…