
पंजाब में नशा खत्म करने के मकसद से आम आदमी पार्टी एक बड़ी मुहिम शुरू करने जा रही है। 4 मई को अमृतसर के ऐतिहासिक स्थल राम तीर्थ/भगवान वाल्मीकि तीर्थ से “नशा मुक्ति यात्रा” की शुरुआत की जाएगी। इस यात्रा का नेतृत्व दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान खुद करेंगे।
इस यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि यह यात्रा पंजाब को नशा मुक्त बनाने के मजबूत इरादे से शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा, राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री, विधायक, और पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप भी शामिल होगी।
नशा विरोधी ताकतों का होगा संगठित प्रदर्शन
इस रैली में पार्टी के कार्यकर्ता, ज़िला स्तर के पदाधिकारी, वालंटियर्स, सेल्फ डिफेंस कमेटियां, पंच-सरपंच, नंबरदार, सामाजिक संस्थाएं, और आम लोग जो नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं, बड़ी संख्या में काफिलों की शक्ल में शामिल होंगे। यह यात्रा पंजाब के कोने-कोने तक जाएगी और लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करेगी।
मंत्री धालीवाल ने कहा कि इस “नशा मुक्ति यात्रा” के जरिए गांव-गांव जाकर युवाओं को नशे से बचने और स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जाएगा। यह सिर्फ एक राजनीतिक रैली नहीं, बल्कि जन आंदोलन का रूप होगा।
पार्टी का मानना है कि जब सरकार, पंचायतें और आम जनता मिलकर काम करेंगी, तभी पंजाब को नशे से आज़ादी मिलेगी। इसी सोच के साथ 4 मई से यह ऐतिहासिक मुहिम शुरू होने जा रही है।
इस यात्रा को लेकर राज्य भर में उत्साह है और इसे पंजाब के भविष्य को बचाने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।