
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव और संघर्ष अब थम गया है। दोनों देशों के बीच युद्धविराम की घोषणा हो चुकी है। यह फैसला आज दोपहर हुई अहम बैठक में लिया गया, जिसकी जानकारी विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने प्रेस को दी। उन्होंने बताया कि आज दोपहर 3:35 बजे भारत और पाकिस्तान के DGMO (डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस) के बीच सीधी बातचीत हुई, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
इस बातचीत में सहमति बनी कि आज शाम 5 बजे से भारत और पाकिस्तान दोनों ही पक्ष आकाश, जल और थल मार्गों से हो रहे सभी प्रकार के सैन्य हमलों को तत्काल प्रभाव से रोक देंगे। यानी अब दोनों देशों के बीच पूरी तरह से सीजफायर लागू हो गया है। यह फैसला दोनों देशों के नागरिकों और सैनिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
विदेश सचिव मिसरी ने यह भी बताया कि अब अगली बड़ी बैठक 12 मई को DGMO स्तर पर दोबारा होगी, जिसमें भविष्य की रणनीति, निगरानी व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए जरूरी कदमों पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होगा कि आगे भी युद्धविराम की स्थिति बनी रहे और सीमाओं पर हालात सामान्य रहें।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से भारत और पाकिस्तान के बीच सीमाओं पर जबरदस्त तनाव बना हुआ था। पाकिस्तान की ओर से लगातार ड्रोन और मिसाइल हमले किए जा रहे थे, जिनका जवाब भारत की सेना ने मुंहतोड़ तरीके से दिया। इस संघर्ष में कई सीमावर्ती इलाकों में डर और दहशत का माहौल बन गया था।
अब युद्धविराम की घोषणा के बाद लोगों को बड़ी राहत मिली है। सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों ने भी सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। प्रशासन ने फिलहाल सतर्कता बरकरार रखी है और लोगों से संयम और सहयोग की अपील की है।
यह फैसला अंतरराष्ट्रीय समुदाय की अपील और मध्यस्थता के बाद संभव हो पाया है। अमेरिका सहित कई देशों ने भारत और पाकिस्तान से संयम बरतने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की सलाह दी थी। अब उम्मीद की जा रही है कि यह युद्धविराम एक नए शांतिपूर्ण अध्याय की शुरुआत करेगा।