पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में आज चंडीगढ़ में कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें दो बड़े और असरदार फैसले लिए गए। बैठक के बाद आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने मीडिया को इन फैसलों की जानकारी दी।
पहला फैसला: इंडस्ट्रियल प्लॉट्स को मिलेगा नया उपयोग
बैठक में सबसे पहले यह फैसला किया गया कि कई पुराने इंडस्ट्रियल प्लॉट्स को अब पार्क, हॉस्पिटल, होटल, या इंडस्ट्रियल वर्कर के हॉस्टल और घरों में बदलने की मंज़ूरी दी जाएगी।
अमन अरोड़ा ने बताया कि ये प्लॉट्स काफी लंबे समय से बिना विकास के खाली पड़े थे। फोकल पॉइंट इलाकों में ये जमीनें निवेश और विकास के लिहाज़ से अहम हैं, और इन्हें लेकर उद्यमियों की मांग लंबे समय से आ रही थी।
अब सरकार ने फैसला किया है कि 1000 गज से 4000 गज तक के इन प्लॉट्स पर यदि कोई निवेशक व्यापारिक गतिविधियां, अस्पताल, होटल या श्रमिकों के लिए मकान बनाना चाहता है, तो उसे अनुमति दी जाएगी।
इससे ना सिर्फ उद्यमियों को राहत मिलेगी बल्कि इन इलाकों में रोज़गार और इन्फ्रास्ट्रक्चर को भी बढ़ावा मिलेगा।
दूसरा फैसला: लीज़ होल्ड संपत्तियां अब बन सकेंगी फ्री होल्ड
दूसरे अहम फैसले के तहत पंजाब सरकार ने तय किया है कि लीज़ पर दी गई संपत्तियों को अब फ्री होल्ड में बदला जा सकेगा।
इसका मतलब ये है कि अब संपत्ति मालिक उस जमीन पर पूरा हक़ रख सकेंगे, जो पहले लीज़ पर दी गई थी। इससे उन्हें बैंक से लोन लेने, संपत्ति बेचने या अन्य वित्तीय कामों में आसानी होगी।
सरकार को होगा 1000 करोड़ का राजस्व लाभ
अमन अरोड़ा ने बताया कि इस फैसले से न सिर्फ लोगों को सुविधा मिलेगी बल्कि सरकार को लगभग 1000 करोड़ रुपये का राजस्व भी मिलने का अनुमान है। इससे पंजाब की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी और सरकार को जनकल्याण के कार्यों के लिए अधिक फंड मिलेगा।
निवेशकों को मिलेगा बढ़ावा
इन दोनों फैसलों से यह साफ संकेत गया है कि पंजाब सरकार राज्य में उद्योग, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए गंभीर है।
फोकल पॉइंट्स में विकास कार्यों को तेज़ करने और संपत्ति के मालिकों को अधिक अधिकार देने से राज्य में नए निवेश को आकर्षित करने में मदद मिलेगी।
आज की कैबिनेट बैठक में लिए गए ये दोनों फैसले पंजाब की विकास यात्रा में एक नया मोड़ साबित होंगे। जहां एक ओर इंडस्ट्रियल प्लॉट्स का बेहतर उपयोग होगा, वहीं दूसरी ओर लीज़ संपत्तियों के मालिकों को आज़ादी और सरकार को मुनाफा मिलेगा। ये कदम प्रदेश को आर्थिक और सामाजिक रूप से आगे ले जाने में सहायक होंगे।
