आजादी दिवस पर उद्योग मंत्री तरुणप्रीत सिंह संधू ने फहराया तिरंगा, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंजाब के उद्योग मंत्री तरुणप्रीत सिंह संधू ने जालंधर के श्री गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद मार्च पास्ट और पंजाब की झांकियां पेश की गईं। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से भरे सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं से दर्शकों का मन मोह लिया।
पंजाबियों के बलिदान को किया याद
अपने संबोधन में मंत्री संधू ने सभी अधिकारियों और पंजाबवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज़ादी के संघर्ष में सबसे अधिक बलिदान पंजाबियों ने दिए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पदभार संभालने के तुरंत बाद शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव जाकर शपथ ली थी और आदेश दिया था कि सभी सरकारी दफ्तरों में शहीद भगत सिंह और डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें लगाई जाएं।
भगत सिंह के नाम पर मोहाली एयरपोर्ट
मंत्री संधू ने बताया कि मोहाली एयरपोर्ट का नाम भी शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है। आम आदमी क्लिनिक, मुफ्त बिजली, नशामुक्ति अभियान और कई जनहित योजनाओं के जरिए पंजाब तरक्की की ओर बढ़ रहा है।
किसानों को मिल रही मुफ्त बिजली
झोने (धान) के सीजन का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि किसानों को खेती के लिए 8 घंटे से अधिक मुफ्त बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में हैं। इसी दिशा में काम करते हुए पंजाब ने केरल को पीछे छोड़कर राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे में पहला स्थान हासिल किया है।
शिक्षा सुधार के लिए विदेश भेजे शिक्षक
मंत्री संधू ने बताया कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए शिक्षकों को विदेश भेजा गया, जहां उन्हें आधुनिक शिक्षण पद्धतियों की ट्रेनिंग दी गई, ताकि वे पंजाब में भी उसी स्तर की शिक्षा दे सकें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद हर विभाग ने विकास के नए अध्याय लिखे हैं, जिससे लोगों को सरकारी कामकाज में किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही।
मुफ्त बिजली का वादा पूरा
मंत्री ने याद दिलाया कि सरकार बनने से पहले वादा किया गया था कि पंजाब के लोगों को मुफ्त बिजली दी जाएगी। सरकार बनते ही पहला फैसला 600 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का लिया गया, जिससे लाखों परिवारों को राहत मिली है।
