एपल इस साल एक बार फिर सितंबर में अपना नया iPhone 17 सीरीज़ पेश करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी इसे सितंबर के दूसरे हफ्ते में लॉन्च कर सकती है। हर बार की तरह इस बार भी यूजर्स में नई सीरीज़ को लेकर काफी उत्साह है। हालांकि, इस बार कीमत को लेकर चर्चा और भी तेज़ हो गई है।
कीमत में $50 की बढ़ोतरी की संभावना
लीक रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस बार iPhone 17 Pro की कीमत 50 अमेरिकी डॉलर (करीब 4,372 रुपये) तक बढ़ सकती है। यह जानकारी एक टिप्स्टर के हवाले से साझा की गई है। बढ़ती कंपोनेंट कॉस्ट और टैक्स की वजह से कंपनी कीमतें ऊपर कर सकती है। चूंकि Pro मॉडल पहले ही महंगे माने जाते हैं, ऐसे में यह बढ़ोतरी उपभोक्ताओं की जेब पर और बोझ डाल सकती है।
बेस स्टोरेज में मिलेगा ज्यादा स्पेस
कीमत बढ़ने के साथ कंपनी उपभोक्ताओं को अतिरिक्त फायदा भी दे सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बेस वेरिएंट की स्टोरेज 128GB से बढ़ाकर 256GB की जा सकती है। अगर ऐसा हुआ तो यूजर्स को ज्यादा स्टोरेज स्पेस बिना अतिरिक्त रकम चुकाए मिलेगा। अब तक अधिक स्टोरेज के लिए लगभग 10 हजार रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ते थे।
नए टैरिफ नियमों का असर
अमेरिका की ओर से लागू किए गए नए टैरिफ नियमों का असर भी iPhone 17 की कीमत पर देखने को मिल सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इन टैरिफ नियमों से ग्लोबल सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है और इसका सीधा असर कीमतों पर पड़ेगा। पुराने कई रिपोर्ट्स पहले ही संकेत दे चुकी हैं कि iPhone 17 और iPhone 17 Pro सीरीज़ की कीमतें बढ़ सकती हैं।
महंगे कंपोनेंट्स से बढ़ेगी मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट
टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस बार iPhone की कीमतों में बढ़ोतरी की बड़ी वजह महंगी मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट और कंपोनेंट्स की कीमत है। यही कारण है कि कंपनी iPhone 17 सीरीज़ और iPhone 17 Pro लाइनअप दोनों पर यह बढ़ोतरी लागू कर सकती है।
भारत में कीमत का असर कब साफ होगा?
फिलहाल, Apple की ओर से कीमतों में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। ऐसे में भारत में इसकी कीमत क्या होगी और कितना असर पड़ेगा, यह केवल लॉन्च के बाद ही पता चलेगा। हालांकि, विशेषज्ञ मानते हैं कि ग्लोबल प्राइस बढ़ने से भारत में भी कीमतों में इजाफा हो सकता है।
iPhone 17 Air से होगा बड़ा सरप्राइज
इस बार Apple केवल iPhone 17 और Pro मॉडल ही नहीं, बल्कि एक नया स्मार्टफोन iPhone 17 Air भी लॉन्च करने जा रहा है। यह फोन पतली बॉडी और मिनिमल डिजाइन पर आधारित होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें पीछे की तरफ एक सिंगल कैमरा दिया जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह मॉडल iPhone 17 Plus की जगह पेश किया जाएगा और सीधे Samsung Galaxy S25 Edge से मुकाबला करेगा।
