बटाला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकियों की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने गांव बलपुरा से तलाशी के दौरान 4 हैंड ग्रेनेड (SPL HGR-84), 2 किलो आरडीएक्स आधारित आईईडी और कम्युनिकेशन उपकरण बरामद किए हैं। इस बरामदगी ने साफ कर दिया है कि पंजाब में अशांति फैलाने की कोशिश की जा रही थी।
विदेशी ताकतों से जुड़ा मामला
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह विस्फोटक खेप यूके में बैठे खालिस्तानी आतंकी निशान सिंह उर्फ निशान जोड़िया के इशारे पर पंजाब पहुंचाई गई थी। निशान सिंह खुद पाकिस्तान में बैठे आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के निर्देश पर काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि इस पूरी साजिश को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का समर्थन मिला हुआ था।
एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अभी भी फरार है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और उसके जल्द गिरफ्त में आने की संभावना जताई जा रही है।
जांच से खुल सकते हैं और राज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच से यह साफ है कि इस खेप का इस्तेमाल पंजाब में किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था। अब इस मॉड्यूल से जुड़े बाकी लोगों की पहचान की जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से और भी बड़े खुलासे सामने आएंगे।
पंजाब पुलिस का सख्त संदेश
पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि राज्य की शांति और साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि आतंकवादी नेटवर्क और क्रॉस-बॉर्डर साजिशों को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
