पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान गुरुवार को अमृतसर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले ब्यास नदी का जायजा लिया और हालात का निरीक्षण करने के बाद रावी के प्रभावित इलाकों की ओर रवाना हो गए। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों और राहत कार्यों में जुटी टीमों से विस्तृत जानकारी ली।
“कुदरत पर किसी का वश नहीं, लेकिन मदद जरूर करेंगे”
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम मान ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं को कोई नियंत्रित नहीं कर सकता, लेकिन पंजाब सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाढ़ से जुड़े सभी सरकारी प्रावधानों और योजनाओं के जरिए लोगों को मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
जनता का हेलीकॉप्टर, जनता की सेवा में
पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने अपना सरकारी हेलीकॉप्टर पंजाब की जनता को समर्पित कर दिया है। “लोगों ने हमें 92 सीटें देकर जीत दिलाई, इसलिए यह हेलीकॉप्टर जनता का है और आज यह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की मदद के लिए इस्तेमाल हो रहा है।”
“मैं आम आदमी हूं, नेता नहीं”
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं ऐसा नेता नहीं हूं जो हेलीकॉप्टर में बैठकर खुद को बड़ा समझे। मैं आम आदमी हूं और जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करना मेरा कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि सरकार हरसंभव राहत और पुनर्वास कार्य सुनिश्चित कर रही है ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके।
सरकार ने दिया भरोसा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन, पानी, दवाइयां और सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन को फील्ड में तेजी से काम करना होगा ताकि कोई भी परिवार मदद से वंचित न रहे।
