फाज़िल्का पुलिस ने एक विशेष सूचना पर तेज़ कार्रवाई करते हुए सरहदी क्षेत्र से हथियार तस्करी के एक बड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस ऑपरेशन में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 5 विदेशी पिस्तौल (.30 बोर) और 9 मैगज़ीन बरामद की गई हैं।
विदेशी हैंडलरों से सीधा संपर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी — सुरिंदर सिंह और गुरप्रीत — पाकिस्तान से जुड़े विदेशी हैंडलरों के इशारों पर काम कर रहे थे। आरोपियों का मकसद इन हथियारों को पंजाब के आपराधिक गिरोहों तक पहुँचाना था, ताकि वे इनका इस्तेमाल अवैध गतिविधियों में कर सकें।
पाकिस्तान से हथियारों की आपूर्ति
पुलिस जांच के अनुसार, यह हथियार पाकिस्तान से एक विदेशी नेटवर्क के ज़रिए भारत भेजे गए थे। पंजाब में सक्रिय आपराधिक गिरोहों को मज़बूत करने के लिए यह खेप यहां पहुंचाई गई थी। गिरफ्तार आरोपियों को इन हथियारों की डिलीवरी ‘ग्राउंड ऑपरेटिव्स’ यानी स्थानीय अपराधियों तक करने का काम सौंपा गया था।
एफआईआर दर्ज, नेटवर्क की पड़ताल जारी
इस मामले में थाना सदर, फाज़िल्का में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकज’ यानी आगे और पीछे जुड़े सभी तारों की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि इस मॉड्यूल को पूरी तरह ध्वस्त करना उनका लक्ष्य है।
क्रॉस-बॉर्डर अपराध पर सख़्त रुख
पंजाब पुलिस ने साफ कहा है कि वह सीमा पार से होने वाली तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी। राज्य को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने के लिए पुलिस हर स्तर पर काम कर रही है।
