पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर स्वास्थ्य विभाग की ताज़ा रिपोर्ट साझा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लगातार लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है।
मान ने कहा कि हेल्थ कैंप्स के माध्यम से अब तक 920 गांवों को कवर किया गया है। इन कैंपों में 18,247 लोगों की ओपीडी हुई, जिनमें 2120 बुखार के मरीजों, 409 डायरिया, 2260 स्किन इंफेक्शन और 1013 आंखों के संक्रमण के मरीजों का इलाज किया गया।
इसी तरह, आशा वर्कर्स द्वारा चलाए जा रहे डोर-टू-डोर कैंपेन में 1,479 गांवों और 71,232 घरों तक पहुंच बनाई गई। अब तक 26,189 हेल्थ किट बांटी गईं और 1,417 बुखार के मामलों का इलाज हुआ। खास बात यह रही कि मलेरिया का कोई केस सामने नहीं आया।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि वेक्टर बॉर्न डिज़ीज कंट्रोल एक्टिविटी के तहत 1,568 गांवों में काम किया गया। इसमें 67,075 घरों की जांच की गई, जिनमें से 1,058 घरों में मच्छरों के लार्वा का प्रजनन पाया गया। ऐसे घरों में तुरंत लार्विसाइड का छिड़काव किया गया और 16,635 घरों में कीटनाशक स्प्रे किया गया। इसके साथ ही 988 गांवों में फॉगिंग की गई।
सीएम मान ने कहा कि यह सब प्रयास लोगों की सेहत की सुरक्षा और बीमारियों पर नियंत्रण के लिए किए जा रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि साफ-सफाई रखें, पानी इकट्ठा न होने दें और सरकार के हेल्थ कैम्प्स का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
मान ने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार हर परिस्थिति में जनता की सेहत और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
