बिहार की महिलाओं को नवरात्रि के मौके पर बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि भेजी। इस मौके पर पीएम मोदी ने इसे बिहार की नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
पीएम मोदी ने किया संबोधन
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नवरात्रि के इन पावन दिनों में बिहार की बहनों-बेटियों की खुशियों में शामिल होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा, “आपका आशीर्वाद ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आज जब 75 लाख बहनों को रोजगार और स्वरोजगार के लिए आर्थिक मदद मिली है, तो यह सिर्फ राशि नहीं बल्कि आत्मनिर्भरता की नई उड़ान है।”
“लालटेन राज में महिलाओं ने बहुत झेला”
पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि लालटेन के दौर में बिहार ने अराजकता और भ्रष्टाचार का कड़वा सच झेला। महिलाओं को सबसे ज्यादा तकलीफ़ उठानी पड़ी। उन्होंने कहा कि अब हालात बदल रहे हैं और सरकार महिलाओं की प्रगति को प्राथमिकता दे रही है।
रोजगार और सम्मान दोनों मिलेगा
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कोई बहन रोजगार या स्वरोजगार से जुड़ती है तो उसके सपनों को नए पंख मिलते हैं और समाज में उसका सम्मान और भी बढ़ जाता है। यही कारण है कि यह योजना केवल आर्थिक मदद नहीं बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास को मजबूत करने का भी जरिया है।
“नरेंद्र और नीतीश – आपके दो भाई”
पीएम मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “आज बिहार की बहनों के लिए नरेंद्र और नीतीश आपके दो भाई बनकर खड़े हैं।” उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की योजनाएं बिहार की महिलाओं को न केवल आर्थिक मजबूती देंगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा भी बनेंगी।
