पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री से एक बड़ी दुखद खबर सामने आई है। मशहूर गायक राजवीर ज्वांदा का हिमाचल प्रदेश के बद्दी इलाके में भयंकर सड़क हादसा हो गया है। हादसे के बाद गायक की हालत बेहद नाज़ुक बताई जा रही है। उन्हें गंभीर चोटों के साथ तुरंत मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस खबर ने पूरी इंडस्ट्री और उनके लाखों प्रशंसकों को चिंता में डाल दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब राजवीर ज्वांदा अपने मोटरसाइकिल पर सवार थे। हादसे के दौरान उन्हें सिर और रीढ़ की हड्डी में गहरी चोटें आईं। और तो और, अस्पताल पहुंचने से पहले उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी हालत पर नज़र बनाए हुए है और उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की जा रही है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी गायक के लिए दुआ की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा – “हिमाचल प्रदेश के बद्दी के पास हुए हादसे में मशहूर पंजाबी गायक राजवीर ज्वांदा के गंभीर रूप से घायल होने की खबर मिली है। उनकी हालत फिलहाल नाज़ुक बताई जा रही है। मैं परमात्मा से प्रार्थना करता हूँ कि वह जल्दी स्वस्थ होकर फिर से अपने परिवार और प्रशंसकों के बीच लौटें।”
राजवीर ज्वांदा पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री का एक जाना-पहचाना नाम हैं। उनके गाने युवा वर्ग के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। ऐसे में उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर लगातार उनके लिए दुआएँ कर रहे हैं और अस्पताल से अच्छी खबर आने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
फिलहाल डॉक्टरों का कहना है कि अगले कुछ घंटे बेहद अहम होंगे। पूरे पंजाब और पंजाबी संगीत प्रेमियों की नज़रें अब उनके स्वास्थ्य पर टिकी हुई हैं।
