चंडीगढ़ की जिला अदालत में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सेक्टर-10 में हुई हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में एक और बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने इस हमले में शामिल आरोपी अभिजोत उर्फ बाबा के खिलाफ पूरक चार्जशीट (Supplementary Chargesheet) दाखिल कर दी है।
इससे पहले, NIA विषाल मसीह और रोहन मसीह नामक दो अन्य आरोपियों के खिलाफ पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। अब अभिजोत का नाम सामने आने के बाद मामले की पूरी साजिश का खुलासा लगभग हो गया है।
क्या था पूरा मामला?
यह घटना 11 सितंबर 2024 की है, जब दो युवकों – रोहन और विषाल मसीह – ने चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित एक कोठी के बाहर हैंड ग्रेनेड फेंका था। यह कोठी पंजाब पुलिस के सेवानिवृत्त अधिकारी की थी।
धमाके से इलाके में दहशत फैल गई थी, हालांकि सौभाग्य से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
जांच में सामने आया कि यह हमला अमेरिका में बैठे आतंकी हैपी पाशिया की साजिश थी। उसने ही भारत में अपने साथियों के ज़रिए इस हमले की योजना बनाई थी।
अभिजोत की भूमिका
NIA की जांच में पता चला कि हैपी पाशिया ने भारत में बैठे अपने संपर्क अभिजोत उर्फ बाबा के ज़रिए बाकी आरोपियों को हथियार, ग्रेनेड और अन्य सामग्री मुहैया करवाई थी।
अभिजोत ने खुद सेक्टर-10 की कोठी की रेकी (निगरानी) की थी और हमले से पहले पिस्टल व गोलियां भी जुटाई थीं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले के दिन रोहन और विषाल ने सेक्टर-43 से सेक्टर-10 तक एक ऑटो-रिक्शा से सफर किया था। हमला करने के बाद दोनों उसी ऑटो से फरार हो गए।
पुलिस ने कुछ घंटे बाद ऑटो चालक को गिरफ्तार किया, लेकिन जांच में उसकी कोई भूमिका नहीं मिली।
NIA की जांच और गिरफ्तारी
शुरुआती जांच चंडीगढ़ पुलिस और पंजाब पुलिस ने की थी। दोनों एजेंसियों ने मिलकर रोहन और विषाल को गिरफ्तार किया और फिर केस को NIA के हवाले कर दिया गया।
इसके बाद NIA ने कुछ महीनों पहले अभिजोत को भी गिरफ्तार किया और प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की थी।
अब जब जांच पूरी हो गई है, तो एजेंसी ने अदालत में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर दी है।
इस चार्जशीट में बताया गया है कि हैपी पाशिया ने विदेश से हमला करवाने की साजिश रची, और अभिजोत ने भारत में इसे अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
