व्हाट्सऐप यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। मेटा आखिरकार उस फीचर को लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसका यूजर्स को लंबे समय से इंतजार था। अब तक व्हाट्सऐप अकाउंट सिर्फ मोबाइल नंबर से जुड़ा होता था, लेकिन जल्द ही यूजर्स अपने अकाउंट के लिए यूजरनेम (Username) सेट कर सकेंगे। यह फीचर फिलहाल एंड्रॉयड बीटा वर्जन पर देखा गया है और माना जा रहा है कि इसे जल्द ही सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जाएगा।
यूजरनेम रिजर्व करने का नया फीचर
नए अपडेट के बाद व्हाट्सऐप यूजर्स अपने अकाउंट के लिए एक यूजरनेम चुन सकेंगे। यह यूजरनेम बिल्कुल इंस्टाग्राम या टेलीग्राम की तरह होगा, यानी आपको अब अपना नंबर शेयर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यूजर्स ऐप की सेटिंग्स में जाकर अपना यूजरनेम या हैंडल रिजर्व कर सकेंगे। इसका फायदा यह होगा कि एक बार यूजरनेम सेट करने के बाद कोई और व्यक्ति उसी नाम का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। इस फीचर से यूजर्स को अपनी प्राइवेसी को लेकर ज्यादा सुरक्षा मिलेगी।
सिग्नल और टेलीग्राम जैसे ऐप्स से होगी टक्कर
व्हाट्सऐप के प्रतियोगी ऐप्स जैसे सिग्नल और टेलीग्राम पहले से ही यूजरनेम फीचर ऑफर करते हैं। यहां तक कि एप्पल के iMessage में भी यूजर ईमेल एड्रेस के जरिए कनेक्ट हो सकते हैं। अब मेटा अपने मैसेजिंग प्लेटफॉर्म को और ज्यादा प्राइवेसी-फ्रेंडली बनाने के लिए इसी दिशा में कदम बढ़ा रही है।
क्यों जरूरी पड़ा यह फीचर?
अब तक व्हाट्सऐप पर सिर्फ फोन नंबर के जरिए ही अकाउंट बनाया जा सकता था। हालांकि यह तरीका आसान है, लेकिन इससे यूजर्स की प्राइवेसी पर खतरा भी बढ़ जाता है। जब आप किसी ग्रुप में जुड़ते हैं या किसी अनजान व्यक्ति से चैट करते हैं, तो आपका फोन नंबर हर किसी को दिखाई देता है।
इसके अलावा, अगर कोई यूजर अपना मोबाइल नंबर बदलता है तो उसका व्हाट्सऐप अकाउंट और चैट बैकअप संभालना भी झंझट भरा होता है। इन सभी परेशानियों से छुटकारा दिलाने के लिए मेटा अब यूजरनेम फीचर लेकर आ रही है।
फीचर कब होगा लॉन्च?
मेटा ने अभी इस फीचर की लॉन्चिंग डेट का ऐलान नहीं किया है, लेकिन बीटा टेस्टिंग शुरू होने के बाद उम्मीद की जा रही है कि आने वाले कुछ हफ्तों में इसे चरणबद्ध तरीके से जारी किया जाएगा।
माना जा रहा है कि यह फीचर रोलआउट होते ही यूजर्स अपनी मर्जी से हैंडल बना सकेंगे और बिना फोन नंबर शेयर किए सुरक्षित तरीके से चैटिंग कर पाएंगे।
