पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के काफिले का आज गुरदासपुर में हादसा हो गया। यह घटना उस समय हुई जब मंत्री हरभजन सिंह डेरा बाबा नानक की ओर जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, डीसी दफ्तर की पायलट गाड़ी की टक्कर एक दूसरी गाड़ी से हो गई, जो गलत साइड से आ रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
मंत्री और डीसी ने खुद बचाई घायल जवानों की जान
हादसे के तुरंत बाद कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीਓ और डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने मानवीयता की मिसाल पेश की। दोनों ने खुद मौके पर पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों को काफिले की गाड़ियों से बाहर निकाला और उन्हें मौके पर मौजूद एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
किसानों को मुआवज़ा बांटने जा रहे थे मंत्री
जानकारी के मुताबिक, मंत्री हरभजन सिंह ईटीਓ आज हड़ प्रभावित इलाकों के किसानों को मुआवज़े के चेक बांटने के लिए निकले थे। वह दिनानगर और गुरदासपुर के गांव खोक्कर में किसानों को चेक देने के बाद डेरा बाबा नानक के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान कलानौर से थोड़ी दूरी पर यह हादसा हो गया।
चार पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल चारों पुलिसकर्मियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी की हालत अब स्थिर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
