पंजाब के पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बुधवार को विभाग में नई नियुक्तियों का सिलसिला जारी रखते हुए 28 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 25 वेटरनरी इंस्पेक्टर, तीन क्लर्क, और एक चौथी श्रेणी कर्मचारी शामिल हैं जिन्हें पदोन्नति दी गई है।
अब तक 900 से अधिक भर्तियां पूरी
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में बनी सरकार के दौरान अब तक विभाग में 326 वेटरनरी अफसर, 545 वेटरनरी इंस्पेक्टर और 63 क्लास-सी कर्मचारी भर्ती किए जा चुके हैं। इनमें क्लर्क, कंप्यूटर ऑपरेटर, स्टेनो, लैब असिस्टेंट, टेक्नीशियन, मिल्क रिकॉर्डर, लीगल क्लर्क और मशीन ऑपरेटर जैसी अहम भूमिकाएं शामिल हैं।
युवाओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी
नए भर्ती हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि यह नियुक्तियां न केवल रोजगार सृजन की दिशा में बड़ा कदम हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देंगी। उन्होंने कहा कि विभाग का सीधा संबंध किसानों की आजीविका से है, इसलिए इनकी भूमिका बेहद अहम है।
उन्होंने नए कर्मचारियों से अपील की कि वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें। मंत्री ने कहा कि पशुपालन विभाग राज्य में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है और यह नई भर्तियां विभाग की कार्यकुशलता को और बढ़ाएंगी।
रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि
गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बताया कि पंजाब सरकार ने अब तक 55,000 से अधिक सरकारी नौकरियां योग्य युवाओं को प्रदान की हैं। ये सभी भर्तियां पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की गई हैं, जिससे सरकारी सेवाओं में जनता का भरोसा और बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने युवाओं को स्थायी रोजगार देने का जो वादा किया था, उसे जमीन पर उतारा जा रहा है।
405 नई भर्तियों की तैयारी जारी
मंत्री ने यह भी बताया कि विभाग में 405 नए वेटरनरी ऑफिसरों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। यह भर्ती राज्यभर में पशु स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और किसानों की सहायता के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
“युवाओं की ऊर्जा से बदल रहा है पंजाब”
गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि राज्य के युवा आज बदलाव की ताकत हैं। सरकार उन्हें सही अवसर देकर न केवल रोजगार दे रही है, बल्कि पंजाब के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार युवाओं के भरोसे को कायम रखेगी और हर क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा करेगी।
