एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया (LG Electronics India) के आईपीओ ने गुरुवार को शेयर बाजार में जोरदार एंट्री की। कंपनी के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 1,715 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए, जो इसके इश्यू प्राइस 1,140 रुपये से 575 रुपये ज्यादा है। यानी निवेशकों को लिस्टिंग के साथ ही करीब 51% का शानदार मुनाफा हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर यह शेयर 1,710.10 रुपये पर लिस्ट हुआ, जहां निवेशकों को प्रति शेयर लगभग 570 रुपये का फायदा मिला।
IPO ने तोड़ी उम्मीदों की सीमा
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के आईपीओ का साइज 11,607 करोड़ रुपये का था। कंपनी ने इसका प्राइस बैंड 1,080 से 1,140 रुपये प्रति शेयर तय किया था।
यह आईपीओ 7 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2025 तक खुला था और निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। बोली लगाने के आखिरी दिन यह 54.02 गुना सब्सक्राइब हुआ। ग्रे मार्केट में भी इस शेयर की डिमांड बेहद मजबूत रही थी, जहां लिस्टिंग से पहले 40% तक प्रीमियम की उम्मीद जताई जा रही थी।
कंपनी ने इससे पहले एंकर निवेशकों से ही करीब 3,475 करोड़ रुपये जुटा लिए थे।
किसे मिला कितना रिस्पॉन्स
इस आईपीओ में सबसे ज्यादा दिलचस्पी संस्थागत निवेशकों ने दिखाई। उन्हें 165 गुना से अधिक सब्सक्रिप्शन मिला। गैर-संस्थागत निवेशक और खुदरा निवेशक (रिटेल इन्वेस्टर्स) ने भी अच्छा रिस्पॉन्स दिया।
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया देश के होम अप्लायंसेज सेक्टर में एक प्रमुख नाम है और इसकी बाजार हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है।
अब क्या करें निवेशक?
ब्रोकरेज हाउस मेटर कैपिटल सर्विसेज के मुताबिक, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया की लिस्टिंग उम्मीद से कहीं बेहतर रही है। जिन निवेशकों को शेयर अलॉट हुए हैं, वे लिस्टिंग के दिन ही प्रॉफिट बुक कर सकते हैं। वहीं, जो लंबे समय के निवेशक हैं, उनके लिए यह शेयर आगे भी बेहतरीन रिटर्न दे सकता है।
जिन्हें आईपीओ में शेयर नहीं मिले, वे बाजार में दाम थोड़ा कम होने पर खरीदारी का मौका तलाश सकते हैं।
ब्रोकरेज हाउस का भरोसा
जापानी ब्रोकरेज फर्म Nomura ने एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के शेयर पर ‘Buy’ रेटिंग देते हुए 1,800 रुपये का लक्ष्य मूल्य (Target Price) तय किया है।
वहीं, एमके ग्लोबल (MK Global) ने भी इस शेयर को ‘Buy’ रेटिंग देते हुए 2,050 रुपये का टारगेट दिया है, जो मौजूदा भाव से करीब 20% की संभावित बढ़त दर्शाता है।
इसके अलावा, मोतीलाल ओसवाल ने भी इसे ‘Buy’ की सलाह दी है और 1,800 रुपये का टारगेट रखा है।
