पंजाब सरकार के विशेष अभियान ‘युद्ध नशा विरुद्ध’ के तहत पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। लुधियाना स्पेशल सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर नवदीप सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने एक तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 4 किलो अफीम बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रुपिंदरजीत सिंह उर्फ बिट्टा, पुत्र बलदेव सिंह, निवासी गांव शंकर, थाना डहलोन, जिला लुधियाना के रूप में हुई है।
सूचना पर की गई छापेमारी, ट्रक समेत पकड़ा गया आरोपी
पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि रुपिंदरजीत सिंह अफीम की सप्लाई के लिए शहर में पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने विशकर्मा पार्क के पास, संधू चिकन पॉइंट के नजदीक छापा मारा। इस दौरान आरोपी को एक ट्रक समेत रंगे हाथों पकड़ा गया।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी लंबे समय से नशे के धंधे में सक्रिय था और इलाके में अफीम की सप्लाई करता था।
मामला दर्ज, पुलिस रिमांड पर आरोपी से पूछताछ जारी
थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया है, ताकि सप्लाई चेन और नेटवर्क के अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी अफीम कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था।
आर्थिक जांच भी शुरू, संपत्तियों पर हो सकती है कार्रवाई
पुलिस अब आरोपी और उसके परिवार की आर्थिक स्थिति की भी जांच कर रही है। यह देखा जा रहा है कि नशे के धंधे से हुई कमाई से उसने कौन-सी संपत्तियां, वाहन या अन्य कीमती सामान खरीदे हैं।
अगर जांच में यह साबित होता है कि संपत्तियां नशे की कमाई से खरीदी गई हैं, तो पुलिस उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त करेगी।
सरकार का लक्ष्य – नशे के कारोबार की जड़ काटना
पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि इस तरह की कार्रवाइयों का उद्देश्य न सिर्फ नशे के सौदागरों को पकड़ना है, बल्कि उनकी आर्थिक जड़ों को भी खत्म करना है, ताकि ऐसे अवैध धंधे दोबारा खड़े न हो सकें।
