पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में युवाओं और ग्रामीण विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। राज्य में अब 3,000 बंद पड़े बस रूट्स को दोबारा शुरू किया जा रहा है, जिससे न केवल परिवहन व्यवस्था मज़बूत होगी बल्कि 10,000 से अधिक युवाओं को सीधा रोज़गार मिलेगा। यह पहल सिर्फ़ एक परिवहन योजना नहीं, बल्कि पंजाब के हर घर में खुशहाली और आत्मनिर्भरता की नई शुरुआत है।
मुख्यमंत्री का संकल्प: नौकरी नहीं, आत्मनिर्भरता देंगे
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि पंजाब के युवाओं को सिर्फ़ नौकरी ढूंढने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाना है। इस सोच के तहत राज्य सरकार ने 3,000 नए बस मार्गों पर संचालन की तैयारी पूरी कर ली है। हर बस में कम से कम तीन लोगों को रोज़गार मिलेगा, जिससे लगभग 10,000 परिवारों के जीवन में आर्थिक स्थिरता आएगी।
सरकार ने युवाओं को बस खरीदने के लिए आसान और त्वरित ऋण सुविधा भी उपलब्ध करवाई है, ताकि वे अपना खुद का परिवहन व्यवसाय शुरू कर सकें। यह कदम राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव साबित होगा।
परिवहन मंत्री का बयान: “ये परमिट नहीं, आत्मनिर्भरता का पासपोर्ट हैं”
परिवहन मंत्री ने इस योजना को “युवा सशक्तिकरण का वास्तविक मॉडल” बताया। उन्होंने कहा, “हमने सिर्फ़ वादे नहीं किए, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारा है। ये परमिट हमारे युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता का पासपोर्ट हैं।”
योजना के तहत सरकार ने शुरुआती चरण में 154 स्टेज कैरिज परमिट जारी किए हैं। यह प्रक्रिया मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 5 और पंजाब सरकार की परिवहन नीति के खंड 3(ई) के अंतर्गत पूरी पारदर्शिता से की जा रही है।
ग्रामीण कनेक्टिविटी और जन-सुविधा में बड़ा सुधार
इन बसों का संचालन मुख्य रूप से ग्रामीण और ज़िला स्तर की सड़कों पर किया जाएगा। इससे गाँव और शहर के बीच की दूरी कम होगी तथा किसानों, मज़दूरों, छात्रों और आम जनता को दैनिक जीवन में बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से बंद ग्रामीण बस सेवाओं की बहाली से परिवहन व्यवस्था में फिर से नई जान आ गई है।
दिल्ली से तुलना में पंजाब का ‘मान’ मॉडल आगे
जहाँ दिल्ली में भाजपा सरकार के कार्यकाल में DTC बसों की संख्या घटने से जनता परेशान है, वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने बस सेवाओं को मज़बूत कर उदाहरण पेश किया है। मुख्यमंत्री मान के अनुसार, “हर बस एक परिवार के लिए रोज़गार का दरवाज़ा है। यह हमारी सरकार की ‘मान गारंटी’ है, जो अब ज़मीन पर दिखाई दे रही है।”
