आंध्र प्रदेश निवेशक सम्मेलन में अडानी ग्रुप ने राज्य के विकास को एक नई गति देने का बड़ा वादा किया है। समूह के निदेशक करण अडानी ने घोषणा की कि कंपनी आने वाले दस वर्षों में आंध्र प्रदेश में 1 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करेगी। यह राशि बंदरगाहों, सीमेंट, ऊर्जा, डेटा सेंटर और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में लगाई जाएगी।
यह निवेश अडानी समूह द्वारा पहले से किए जा चुके 40,000 करोड़ रुपये के निवेश से अलग होगा।
विज़ाग टेक पार्क का विज़न लॉन्च — दुनिया के सबसे बड़े ग्रीन डेटा सेंटर का सपना
कार्यक्रम में करण अडानी ने 15 बिलियन अमेरिकी डॉलर के विशाल विज़ाग टेक पार्क प्रोजेक्ट का भी अनावरण किया। यह परियोजना गूगल के साथ साझेदारी में चलाई जाएगी, जिसके तहत ग्रीन एनर्जी से चलने वाला दुनिया के सबसे बड़े हाइपरस्केल डेटा सेंटर ईकोसिस्टम में से एक बनाया जाएगा।
यह घोषणा गूगल के साथ आंध्र प्रदेश में एक बड़े AI डेटा सेंटर स्थापित करने के समझौते के कुछ ही हफ्तों बाद आई है। यह संयुक्त प्रोजेक्ट अमेरिका के बाहर गूगल का सबसे बड़ा AI निवेश माना जा रहा है।
करण अडानी बोले— “आंध्र सिर्फ निवेश की जगह नहीं, बदलाव का लॉन्चपैड”
अपने संबोधन में करण अडानी ने कहा,
“अडानी ग्रुप को आंध्र प्रदेश पर हमेशा भरोसा रहा है। हम सिर्फ वादे नहीं करते, हम उन्हें पूरा करते हैं। अब तक हमने राज्य में 40,000 करोड़ रुपये से अधिक निवेश किया है और यह यात्रा यहीं नहीं रुकने वाली।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले 10 वर्षों में समूह बंदरगाहों, ऊर्जा, डेटा सेंटर और उन्नत निर्माण तकनीकों पर बड़े पैमाने पर काम करेगा।
अडानी ने यह भी कहा कि समूह के लिए आंध्र प्रदेश सिर्फ एक निवेश गंतव्य नहीं, बल्कि भारत के भविष्य को बदलने की एक मजबूत शुरुआत है।
गूगल और अडानी मिलकर बनाएंगे गीगावॉट-स्केल डेटा सेंटर
घोषणा के मुताबिक, अडानी और गूगल अगले पांच वर्षों में 15 बिलियन डॉलर का संयुक्त निवेश करेंगे। इसके तहत विशाखापट्टनम में गीगावॉट-स्केल डेटा सेंटर कैंपस तैयार किया जाएगा।
करण अडानी ने कहा,
“यह परियोजना एक ऐसी साझा दृष्टि का प्रतीक है, जो स्थायी विकास और अत्याधुनिक तकनीक को साथ लेकर चलती है।”
