गुरदासपुर शहर में नालों में गिर रहे गंदे सीवरेज पानी की समस्या को दूर करने के लिए नगर काउंसिल ने अब बड़ा फैसला लिया है। इस प्रोजेक्ट के तहत नगर काउंसिल ने 6 एकड़ जमीन खरीद ली है, जहां करीब 80 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) लगाया जाएगा। जमीन की रजिस्ट्री पूरी कर ली गई है और मालिक को 3 करोड़ 21 लाख रुपए भी दे दिए गए हैं।
नगर काउंसिल गुरदासपुर के प्रधान एडवोकेट बलजीत सिंह पाहड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में सीवरेज के गंदे पानी को साफ करने का मुद्दा लंबे समय से गंभीर रूप में बना हुआ था। नालों में सीधे गंदा पानी गिरने से न सिर्फ गंदगी फैलती थी, बल्कि आसपास के इलाकों में भूमिगत पानी भी दूषित हो रहा था। इस वजह से लोगों को कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।
लंबे समय से अटका था प्रोजेक्ट, अब मिली रफ्तार
उन्होंने बताया कि स्टेप लगवाने का प्रस्ताव काफी समय पहले तैयार कर लिया गया था, लेकिन बीच में कई बाधाओं के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था। अब सभी अड़चनें दूर कर दी गई हैं और बबरी एवं सिधवा गांव के पास जमीन खरीदकर प्रोजेक्ट को औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया है।
नगर काउंसिल का कहना है कि पूरी प्लानिंग फाइनल हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। जब यह प्लांट बनकर तैयार होगा, तो शहर का पूरा सीवरेज पानी इस प्लांट में जाकर साफ किया जाएगा।
शुद्ध पानी का होगा बेहतर उपयोग
STP के तैयार होने के बाद शहर में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
-
गंदा पानी ट्रीटमेंट के बाद कृषि सिंचाई में उपयोग किया जाएगा।
-
साफ पानी को नालों में भी डाला जा सकेगा, जिससे किसी तरह की हानि नहीं होगी।
-
इससे नदी-नाले प्रदूषण से काफी हद तक बच जाएंगे।
यह परियोजना न केवल पर्यावरण को सुरक्षित बनाएगी बल्कि शहर के स्वच्छता स्तर को भी काफी ऊंचा ले जाएगी।
व्यापारियों को भी मिलेगा बड़ा लाभ
अब तक शहर में नया अस्पताल या बड़ा व्यवसायिक प्रतिष्ठान शुरू करने से पहले मालिकों को अपना अलग सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाना पड़ता था, जिस पर काफी खर्च आता था।
लेकिन नए STP के लगने के बाद—
-
व्यापारियों को अपना अलग प्लांट नहीं लगाना पड़ेगा।
-
वे नगर काउंसिल को निर्धारित शुल्क देकर इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे।
-
इससे लोगों के लाखों रुपये बचेंगे।
एडवोकेट पाहड़ा ने जमीन देने वाले मालिक का धन्यवाद करते हुए कहा कि शहर के नजदीक होने के बावजूद उसने जमीन बहुत ही उचित कीमत पर नगर काउंसिल को बेची है।
