मुख्यमंत्री और पंजाब के डीजीपी के निर्देशों पर चल रही ‘नशे के खिलाफ मुहिम’ के तहत पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, फिरोज़पुर रेंज ने एक नशा तस्कर को 50 किलो 14 ग्राम हेरोइन की भारी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। अनुमान है कि यह हेरोइन पाकिस्तान से मंगवाई गई थी और इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 250 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
सरहद के पास से पकड़ा गया तस्कर
पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि एक तस्कर पंजाब नंबर की कार में हेरोइन की सप्लाई लेने जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की और सरहदी गांव राव के हिठाड़ के पास उसे पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 50 किलो से ज्यादा हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान संदीप सिंह उर्फ सीपा, पुत्र छिंदर सिंह, निवासी गांव चैनार शेर सिंह तंलवंडी चौधरी, जिला कपूरथला के रूप में हुई है।
250 करोड़ की हेरोइन, मामला दर्ज
बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 250 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एस.ए.एस. नगर (मोहाली) में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
कौन-कौन है इस नेटवर्क में शामिल?
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि:
-
इस हेरोइन को पाकिस्तान से मंगवाने में किन-किन भारतीय तस्करों की भूमिका थी
-
हेरोइन की डिलीवरी आगे किसे दी जानी थी
-
तस्कर किन रास्तों का इस्तेमाल करते थे
Punjab Police का कहना है कि यह बरामदगी नशे की तस्करी पर एक बड़ी चोट है और आगे भी ऐसे ऑपरेशन लगातार जारी रहेंगे।
