इस साल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में कई बड़ी एआई कंपनियों ने भारतीय यूजर्स के लिए अपने पेड सब्सक्रिप्शन प्लान फ्री कर दिए। इसका सीधा फायदा आम यूजर्स को मिला, जिन्हें बिना पैसे खर्च किए प्रीमियम एआई फीचर्स इस्तेमाल करने का मौका मिला।
यूजर्स ही नहीं, कंपनियों को भी फायदा
भले ही पहली नजर में यह फैसला यूजर्स के लिए फायदेमंद लगे, लेकिन इससे एआई कंपनियों को भी बड़ा लाभ हो रहा है। करोड़ों भारतीय यूजर्स के जरिए कंपनियों को अपने एआई मॉडल की ट्रेनिंग के लिए भारी मात्रा में डेटा मिल रहा है। यही वजह है कि कंपनियां भारत जैसे बड़े डिजिटल बाजार पर खास ध्यान दे रही हैं।
गूगल का जेमिनी प्रो ऑफर
गूगल ने नवंबर महीने में भारतीय यूजर्स के लिए एक बड़ा ऐलान किया। कंपनी ने अपने जेमिनी एआई प्रो सब्सक्रिप्शन को जियो यूजर्स के लिए पूरी तरह फ्री कर दिया। भारत में जियो के करीब 50 करोड़ यूजर्स हैं, जिन्हें 18 महीनों तक लगभग 1950 रुपये प्रति माह वाला यह प्लान बिना किसी शुल्क के दिया जा रहा है। इसके अलावा गूगल ने हाल ही में भारत को उन चुनिंदा देशों में शामिल किया है, जहां वह अपने एआई प्लस पैकेज पर भारी छूट दे रही है।
ओपनएआई का बड़ा कदम
ओपनएआई ने भी भारतीय बाजार को ध्यान में रखते हुए अपने एआई चैटबॉट चैटजीपीटी को ज्यादा सुलभ बना दिया है। कंपनी ने चैटजीपीटी गो प्लान को भारतीय यूजर्स के लिए पूरी तरह फ्री कर दिया है। आमतौर पर 399 रुपये महीने वाला यह प्लान पूरे एक साल तक बिना किसी शुल्क के इस्तेमाल किया जा सकता है। खास बात यह है कि दुनिया के कई दूसरे देशों में अभी भी इस प्लान के लिए यूजर्स से फीस ली जा रही है।
एयरटेल यूजर्स के लिए परप्लेक्सिटी प्रो
परप्लेक्सिटी एआई ने भी भारत में टेलीकॉम कंपनी एयरटेल के साथ साझेदारी की है। इसके तहत एयरटेल यूजर्स को परप्लेक्सिटी प्रो सब्सक्रिप्शन फ्री में दिया जा रहा है। इस प्लान की सालाना कीमत करीब 17,000 रुपये बताई जा रही है, जिसे अब यूजर्स बिना कोई पैसा दिए इस्तेमाल कर पा रहे हैं।
भारत क्यों बना एआई कंपनियों की पसंद
एआई कंपनियों के लिए भारत एक बेहद बड़ा और अहम बाजार है। देश में करीब 73 करोड़ स्मार्टफोन यूजर्स हैं, जो हर महीने औसतन 21GB इंटरनेट डेटा का इस्तेमाल करते हैं। जब कंपनियां अपने प्लान फ्री में ऑफर करती हैं, तो उनका यूजर बेस तेजी से बढ़ता है और ज्यादा लोग उनके प्लेटफॉर्म से जुड़ते हैं।
यूजर्स की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
फ्री प्लान का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। चैटजीपीटी गो प्लान के फ्री होने के बाद ओपनएआई के यूजर्स की संख्या में सालाना आधार पर करीब 607 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं गूगल जेमिनी के डेली यूजर्स भी लगभग 15 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं।
आगे और बढ़ेगी एआई की दौड़
जिस तरह एआई कंपनियां भारत पर मेहरबान हो रही हैं, उससे साफ है कि आने वाले समय में भारतीय यूजर्स को और भी नए और सस्ते एआई फीचर्स देखने को मिल सकते हैं। यह मुकाबला यूजर्स के लिए फायदे का सौदा साबित होता नजर आ रहा है।
