पंजाब में इस समय उद्योगों को लेकर एक नई सोच और नई दिशा देखने को मिल रही है। भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार राज्य में उद्योग क्रांति की एक नई पटकथा लिख रही है। सरकार का साफ उद्देश्य है कि पंजाब में बड़े स्तर पर उद्योग स्थापित हों, जिससे युवाओं के लिए ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकें। इसके लिए राज्य में उद्योग और निवेश के अनुकूल माहौल तैयार किया गया है।
सरकार की ओर से पूरे पंजाब में औद्योगिक ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं और साथ ही राज्य में मौजूद 78 पुराने औद्योगिक पार्कों को आधुनिक सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया जा रहा है। इन पार्कों में बेहतर सड़कें, बिजली, पानी, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि उद्योगों को काम करने में किसी तरह की परेशानी न हो।
उद्योग क्षेत्र में ‘टॉप अचीवर’ बना पंजाब
पंजाब की उद्योग समर्थक नीतियों का असर अब राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। उद्योगों को प्रोत्साहन देने, निवेश प्रक्रिया को सरल बनाने और व्यापार सुधारों में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए भारत सरकार ने पंजाब को व्यापार सुधार कार्य योजना 2024 के तहत ‘टॉप अचीवर’ पुरस्कार से सम्मानित किया है। यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि पंजाब सरकार ने उद्योग स्थापना, निर्माण परमिट और निवेश से जुड़ी प्रक्रियाओं को पहले के मुकाबले कहीं अधिक आसान और पारदर्शी बनाया है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि निवेशकों को कम समय में मंजूरी मिले और उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। सिंगल विंडो सिस्टम और ऑनलाइन सेवाओं के जरिए उद्योग शुरू करना पहले से कहीं सरल हो गया है।
1.38 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव
पंजाब अब निवेशकों की पसंदीदा जगह बनता जा रहा है। मौजूदा सरकार के कार्यकाल में अब तक राज्य को करीब 1.38 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। यह निवेश जमीन पर उतरने के बाद पंजाब की अर्थव्यवस्था को नई ताकत देगा। सबसे अहम बात यह है कि इन परियोजनाओं से लगभग 4 लाख 70 हजार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
किन क्षेत्रों में आ रहा है निवेश
पंजाब को खासतौर पर फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, ऑटो कंपोनेंट्स, हैंड टूल्स और आईटी सेक्टर में बड़ी संख्या में उद्योग प्रस्ताव मिल रहे हैं। राज्य की मजबूत कृषि व्यवस्था, कुशल श्रमिक, बेहतर सड़क नेटवर्क और निवेश अनुकूल नीतियां इन सेक्टरों को आकर्षित कर रही हैं।
क उद्योग क्षेत्र में हो रही यह तेज प्रगति पंजाब को देश के लिए एक रोल मॉडल बना रही है। निवेश, रोजगार और विकास के इस नए दौर से राज्य की आर्थिक तस्वीर आने वाले समय में और मजबूत होने की उम्मीद है।
