भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने साल 2023 में 2000 रुपये के गुलाबी नोटों को सर्कुलेशन से बाहर करने का फैसला लिया था। अब साल 2025 के अंत तक के आंकड़े सामने आ चुके हैं। इन आंकड़ों से पता चलता है कि लगभग ढाई साल बीत जाने के बावजूद 2000 रुपये के सभी नोट अभी तक वापस नहीं आए हैं। हैरानी की बात यह है कि वापसी की रफ्तार अब काफी धीमी हो चुकी है।
अब तक कितने नोट लौटे?
RBI के मुताबिक, 19 मई 2023 को जब 2000 रुपये के नोट चलन से बाहर किए गए थे, तब बाजार में इनकी कुल वैल्यू करीब 3.56 लाख करोड़ रुपये थी। 31 दिसंबर 2025 तक इनमें से 98.41% नोट वापस आ चुके हैं। यानी ज्यादातर लोगों ने अपने पास मौजूद गुलाबी नोट जमा करा दिए हैं। इसके बावजूद अभी भी करीब 5,669 करोड़ रुपये मूल्य के 2000 के नोट लोगों के पास मौजूद हैं।
धीमी होती वापसी की रफ्तार
शुरुआती महीनों में जब नोट बदलने की सुविधा सभी बैंकों में उपलब्ध थी, तब बड़ी तेजी से नोट वापस आए थे। लेकिन अब स्थिति बदल गई है। पिछले दो महीनों के आंकड़े देखें तो 31 अक्टूबर 2025 को बाजार में 5,817 करोड़ रुपये के नोट मौजूद थे, जो 31 दिसंबर तक घटकर 5,669 करोड़ रुपये रह गए। यानी पूरे दो महीनों में सिर्फ 148 करोड़ रुपये के नोट ही वापस आ सके।
क्या अब भी लीगल टेंडर हैं ये नोट?
RBI ने पहले ही साफ कर दिया था कि जब तक 2000 रुपये के नोट पूरी तरह वापस नहीं आ जाते, तब तक वे लीगल टेंडर बने रहेंगे। इसका मतलब यह है कि तकनीकी रूप से ये नोट अभी भी वैध हैं, हालांकि आम लेन-देन में इनका इस्तेमाल लगभग बंद हो चुका है।
क्यों बंद किए गए थे 2000 रुपये के नोट?
2000 रुपये के नोट पहली बार नवंबर 2016 में पेश किए गए थे, जब 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट बंद किए गए थे। उस समय इन बड़े नोटों का मकसद नकदी की कमी को जल्दी दूर करना था। बाद में जब छोटे मूल्य के नोट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो गए, तो RBI ने अपनी “क्लीन नोट पॉलिसी” के तहत 19 मई 2023 को 2000 रुपये के नोटों को सर्कुलेशन से हटाने का फैसला लिया।
अब कहां बदल सकते हैं 2000 के नोट?
शुरुआत में 7 अक्टूबर 2023 तक सभी बैंकों की शाखाओं में नोट बदलने की सुविधा दी गई थी। इसके बाद यह सुविधा केवल RBI के 19 कार्यालयों तक सीमित कर दी गई। इनमें अहमदाबाद, बेंगलुरु, मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, लखनऊ, पटना जैसे बड़े शहर शामिल हैं। इसके अलावा, लोग इंडिया पोस्ट के जरिए भी अपने 2000 रुपये के नोट RBI को भेज सकते हैं।
