माघी पर्व के पावन अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान श्री मुक्तसर साहिब पहुंचे। इस दौरान वे आम आदमी पार्टी की सीनियर लीडरशिप के साथ 40 मुक्तों के ऐतिहासिक और पवित्र स्थल गुरुद्वारा श्री टूटी गण्डी साहिब में नतमस्तक हुए। मुख्यमंत्री ने गुरु के चरणों में माथा टेककर पंजाब की खुशहाली, शांति और तरक्की के लिए अरदास की।

पंजाब की तरक्की के लिए की प्रार्थना
गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद मुख्यमंत्री ने संगत से बातचीत करते हुए कहा कि उनकी सरकार गुरु साहिबानों के दिखाए रास्ते पर चलते हुए पंजाब को तरक्की, रोजगार और भाईचारे की दिशा में आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि माघी का पर्व हमें एकता, बलिदान और न्याय का संदेश देता है।

सीनियर नेताओं की रही मौजूदगी
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। सभी नेताओं ने गुरु घर में हाजिरी लगाकर पंजाब के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संगत ने मुख्यमंत्री और उनकी टीम का स्वागत किया और राज्य की उन्नति के लिए की जा रही प्रार्थनाओं में शामिल हुए।
