चंडीगढ़, 8 फरवरी 2026
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पशुधन सेहत सेवाओं को और अधिक सुलभ व किफ़ायती बनाने के लिए राज्य के छह जिलों में आधुनिक वैटरनरी पॉलीक्लीनिकों के भीतर ‘ब्लू क्रास’ वैटरनरी मेडिसिन स्टोर खोलने जा रही है। इस पहल से पशु पालकों को उच्च गुणवत्ता वाली दवाएं रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब के पशुपालन, मत्स्य पालन और डेयरी विकास मंत्री सरदार गुरमीत सिंह खुडियां ने बताया कि यह कदम किसानों पर वित्तीय बोझ को कम करने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले पशुपालन क्षेत्र को मजबूती प्रदान करेगा।

उन्होंने बताया कि ‘ब्लू क्रास’ स्टोरों पर जेनरिक वैटरनरी दवाओं पर 30 प्रतिशत तक और ब्रांडेड दवाओं पर 20 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। इसका उद्देश्य गुणवत्ता से समझौता किए बिना पशु पालकों को सस्ती और भरोसेमंद दवाएं उपलब्ध कराना है।
मंत्री खुडियां ने बताया कि ये स्टोर गुरदासपुर, पटियाला, लुधियाना, संगरूर, श्री मुक्तसर साहिब और अमृतसर जिलों में स्थित अत्याधुनिक वैटरनरी पॉलीक्लीनिकों के भीतर स्थापित किए जा रहे हैं। इन पॉलीक्लीनिकों में पहले से ही उन्नत इनडोर पेशेंट डिपार्टमेंट (IPD) सेवाएं उपलब्ध हैं, जिससे एक ही छत के नीचे जांच से लेकर इलाज और रिकवरी तक की संपूर्ण पशुधन सेहत सेवाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि किसान पंजाब की खुशहाली की रीढ़ हैं और उनके पशुओं की सेहत सीधे तौर पर उनकी आय से जुड़ी हुई है। ब्लू क्रास स्टोर पशुधन की बेहतर देखभाल सुनिश्चित कर किसानों की आमदनी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
मंत्री ने यह भी कहा कि पॉलीक्लीनिकों के भीतर फार्मेसी सेवाओं के एकीकरण से किसानों का समय बचेगा और इलाज की प्रक्रिया अधिक कुशल व प्रभावी बनेगी। स्वस्थ पशुधन से उत्पादकता में वृद्धि होगी, जिससे डेयरी और सहायक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बड़ा संबल मिलेगा।
इस अवसर पर पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव राहुल भंडारी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और पशुपालन वैल्यू चेन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसी पहलकदमियां पंजाब को पशुधन कल्याण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने में सहायक सिद्ध होंगी।
