पंजाब में पंजाब सरकार ने सड़क और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार दर्ज किया गया है। मान सरकार ने 16,209 करोड़ रुपये की लागत से 44,920 किलोमीटर लंबी सड़कों और ग्रामीण लिंक सड़कों के आधुनिकीकरण की अब तक की सबसे बड़ी पहल शुरू की है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना न केवल यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि राज्य की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगी।
इस व्यापक योजना के तहत 18,545 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों की कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। गांवों को मुख्य मार्गों और शहरों से जोड़ने वाली लिंक सड़कों का उन्नयन किसानों, छात्रों और छोटे व्यापारियों के लिए राहत लेकर आएगा। बेहतर सड़कें जहां परिवहन लागत कम करेंगी, वहीं कृषि उत्पादों को मंडियों और बाजारों तक तेज़ी से पहुंचाने में मदद करेंगी।
परियोजना के अंतर्गत 4,000 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार और सुदृढ़ीकरण भी किया जा रहा है। इससे राज्य के भीतर और बाहर आवागमन अधिक सुगम होगा। उद्योगों और व्यापारिक गतिविधियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा, जिससे निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि की संभावना है।
इसके साथ ही ट्राइसिटी क्षेत्र के लिए 6 लेन ग्रीनफील्ड परियोजना (1,463.95 करोड़ रुपये) बुनियादी ढांचे के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। यह परियोजना यातायात दबाव को कम करने, सफर का समय घटाने और सड़क सुरक्षा को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। पंजाब सरकार का दावा है कि आधुनिक तकनीक और उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ तैयार हो रही ये सड़कें लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित रहेंगी।
मान सरकार का यह कदम स्पष्ट करता है कि विकास की धुरी अब मजबूत बुनियादी ढांचे पर केंद्रित है। बेहतर सड़क नेटवर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी बढ़ावा मिलेगा। कुल मिलाकर, यह ऐतिहासिक सड़क विकास पहल Punjab को तेज़, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की ओर अग्रसर करने का सशक्त प्रयास है।
