प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट के दौरान कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने उद्योगपतियों और निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में भारी मशीनरी उद्योग के लिए काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब एक कृषि प्रधान राज्य है और यहां कृषि से जुड़े उपकरणों और मशीनरी की बड़ी जरूरत है।
उद्योगों को दी जा रही सब्सिडी
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार इस क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए उद्योगपतियों को सब्सिडी दे रही है। इसके अलावा पहली बार राज्य की औद्योगिक नीति में रोजगार सब्सिडी भी शामिल की गई है। इसका उद्देश्य उद्योगों को प्रोत्साहित करना और युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर पैदा करना है।
सड़क परियोजनाओं से मिलेगा फायदा
हरभजन सिंह ईटीओ ने बताया कि औद्योगिक विकास के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा बहुत जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने 45,000 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना शुरू की है। इससे उद्योगों को माल और तैयार उत्पादों की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उद्योगों को मिलेगा बेहतर माहौल
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार उद्योगपतियों को बेहतर माहौल देने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि पंजाब में निवेश बढ़े, उद्योगों का विस्तार हो और युवाओं को अधिक रोजगार के अवसर मिलें।
