आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal ने प्रधानमंत्री Narendra Modi की हालिया अपील को लेकर कई सवाल उठाए हैं। PM मोदी ने लोगों से गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने, विदेश यात्राएं कम करने और वर्क फ्रॉम होम अपनाने की अपील की थी। इसके बाद केजरीवाल ने देश की आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता जताई है।
“क्या आर्थिक इमरजेंसी की आहट है?”
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश में पहले कभी ऐसा नहीं हुआ जब प्रधानमंत्री को लोगों से इस तरह खर्च कम करने की अपील करनी पड़ी हो। उन्होंने सवाल पूछा कि क्या देश किसी बड़े आर्थिक संकट की तरफ बढ़ रहा है।
केजरीवाल ने कहा कि अगर सरकार लोगों से सोना खरीदने, घूमने-फिरने और विदेश यात्राओं तक में कटौती करने को कह रही है, तो देशवासियों को वास्तविक स्थिति बताई जानी चाहिए।
PM मोदी ने क्यों की थी अपील?
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में कहा था कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और बढ़ती ऊर्जा कीमतों का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। उन्होंने विदेशी मुद्रा बचाने और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए लोगों से जिम्मेदारी निभाने की अपील की थी।
PM मोदी ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल बढ़ाने, वर्क फ्रॉम होम अपनाने और गैर-जरूरी गोल्ड खरीद से बचने की सलाह दी थी।
“देश के सामने सच्चाई रखनी चाहिए”
केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री को देश के सामने साफ-साफ बताना चाहिए कि भारत की असली आर्थिक स्थिति क्या है। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि सरकार को इतनी बड़ी अपीलें क्यों करनी पड़ रही हैं।
