पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने होशियारपुर के हलका चब्बेवाल के गांव बिहाला में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे। मुख्यमंत्री ने जनसभा में मिले समर्थन और प्यार के लिए लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और समर्थन सरकार को और अधिक मेहनत से काम करने की प्रेरणा देता है।
विकास और जनकल्याण योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में अब सही मायनों में विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि 90 प्रतिशत परिवारों को जीरो बिजली बिल का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और सरकारी नौकरियां पूरी तरह मेरिट के आधार पर दी जा रही हैं।
1 जुलाई से शुरू होगी नई योजना
भगवंत मान ने बताया कि धार्मिक अपमान (बेअदबी) के खिलाफ उम्रकैद की सजा वाला सख्त कानून लागू करने के बाद अब सरकार 1 जुलाई से ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ शुरू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं और बेटियों के सम्मान तथा कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
गांव बिहाला को मिली 51 लाख रुपये की ग्रांट
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव बिहाला के सर्वांगीण विकास के लिए पंचायत को 51 लाख रुपये की ग्रांट का चेक भी सौंपा। इस राशि का उपयोग नए आंगनवाड़ी केंद्र और कम्युनिटी हॉल के निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों के लिए किया जाएगा।
हर गांव के विकास का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंजाब के हर गांव को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।
