पंजाब के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य के संगरूर जिले के कौहरियां गांव में एक आधुनिक कम्युनिटी हेल्थ सेंटर शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा जनता को समर्पित किए गए इस हाईटेक अस्पताल से संगरूर और दिड़बा क्षेत्र के 85 गांवों के लगभग 35 हजार लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा。
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने यहां करीब 13.23 करोड़ की लागत से निर्मित यह 30 बेड का अस्पताल जनता को समर्पित किया है। इससे ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान होगी। अब स्थानीय लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज़ के बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उनके अपने क्षेत्र में उपलब्ध होंगी।
अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही चार ओपीडी (OPD), दो बड़े ऑपरेशन थियेटर, एक माइनर ऑपरेशन थियेटर, लेबर रूम, एक्स-रे, आधुनिक लैब और अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाएं भी स्थापित की गई हैं। बच्चों के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की व्यवस्था की गई है, जबकि गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों के लिए मुफ्त जांच और उपचार की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उद्घाटन के दौरान कहा कि आजादी के 79 वर्षों बाद कौहरियां और आसपास के गांवों के लोगों को पहली बार इतना बड़ा और आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र मिला है। उन्होंने बताया कि पहले यहां केवल एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र था, जिसे अब आधुनिक कम्युनिटी हेल्थ सेंटर के रूप में विकसित किया गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का मानना है कि इस अस्पताल के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, समय और धन दोनों की बचत होगी तथा गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पटियाला, लुधियाना या चंडीगढ़ जैसे बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी। यह परियोजना पंजाब सरकार की उस सोच को दर्शाती है जिसके तहत गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
