दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला की राजधानी कराकास गुरुवार को दो शक्तिशाली भूकंप के झटकों से दहल गई। कुछ ही सेकंड के अंतराल में आए इन भूकंपों की तीव्रता पहले 7.2 और फिर 7.5 मापी गई। तेज झटकों के कारण लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग अपने घरों, दफ्तरों और अन्य इमारतों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। कई इलाकों में लोगों ने खुले स्थानों पर शरण ली।
कई इमारतों को भारी नुकसान
भूकंप का सबसे ज्यादा असर राजधानी कराकास में देखने को मिला। शुरुआती जानकारी के अनुसार कई इमारतों में बड़ी दरारें आ गईं, जबकि कुछ बहुमंजिला इमारतें पूरी तरह ढह गईं। अल्तामीरा समेत कई इलाकों में मकानों और व्यावसायिक भवनों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का आकलन करने में जुटी हैं।
10 हजार से ज्यादा मौतों की आशंका
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के शुरुआती आकलन के अनुसार इस भूकंप से बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हो सकता है। अनुमान लगाया गया है कि मृतकों की संख्या 10 हजार से अधिक हो सकती है, हालांकि अभी तक किसी आधिकारिक एजेंसी ने मौतों के आंकड़ों की पुष्टि नहीं की है। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है और मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।
राष्ट्रीय अवकाश के दौरान आया भूकंप
स्थानीय समय के अनुसार यह भूकंप शाम करीब 6:04 बजे आया। उस समय वेनेजुएला में राष्ट्रीय अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने घरों में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि भूकंप का केंद्र कराकास के पश्चिम में स्थित मोंटालबान क्षेत्र के पास था। तेज झटकों के कारण राजधानी के अलावा देश के कई अन्य राज्यों में भी धरती हिलती महसूस की गई।
गृह मंत्री ने लोगों से की अपील
वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने सरकारी टीवी के माध्यम से लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल अपने घरों में वापस न जाएं। उन्होंने कहा कि भूकंप के बाद आफ्टरशॉक यानी दोबारा झटके आने की संभावना बनी रहती है। ऐसे में पहले से क्षतिग्रस्त इमारतों में रहना खतरनाक हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से खुले स्थानों पर रहने और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है।
सोशल मीडिया पर सामने आए डरावने दृश्य
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई वीडियो और तस्वीरों में इमारतों में दरारें, मलबे के ढेर और सड़कों पर भागते लोग दिखाई दे रहे हैं। कई परिवार रात खुले स्थानों पर बिताने की तैयारी कर रहे हैं क्योंकि लगातार आफ्टरशॉक का डर बना हुआ है। बताया जा रहा है कि भूकंप के झटके पड़ोसी देश कोलंबिया की राजधानी बोगोटा तक भी महसूस किए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
