पंजाब में आज (25 जून) से मतदाता सूची को अधिक सटीक और अपडेट बनाने के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत घर-घर गणना अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) राज्य के हर घर तक पहुंचेंगे और मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। यह प्रक्रिया 24 जुलाई तक चलेगी।
घर-घर पहुंचकर भरवाए जाएंगे फॉर्म
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अनिंदिता मित्रा ने बताया कि BLO प्रत्येक घर में जाकर पहले से तैयार गणना फॉर्म वितरित करेंगे। जरूरत पड़ने पर वे मतदाताओं को फॉर्म भरने में मदद भी करेंगे और बाद में दोबारा जाकर भरे हुए फॉर्म एकत्र करेंगे। यदि किसी घर से फॉर्म नहीं मिलता है तो BLO अधिकतम तीन बार वहां जाकर संपर्क करेंगे।
2.14 करोड़ से अधिक मतदाताओं का होगा सत्यापन
इस विशेष अभियान के लिए पूरे पंजाब में 24,453 बूथ लेवल अधिकारियों की तैनाती की गई है। ये अधिकारी राज्य के लगभग 2.14 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। चुनाव विभाग के अनुसार अब तक करीब 86 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि बाकी मतदाताओं तक पहुंचने का काम इस अभियान के दौरान किया जाएगा।
मतदाताओं को क्या करना होगा?
मतदाताओं से अपील की गई है कि जब BLO उनके घर आएं तो वे आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराएं। सही जानकारी देने से मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरण सही तरीके से दर्ज रहेंगे। यदि किसी मतदाता का नाम, पता या अन्य जानकारी में बदलाव की जरूरत है तो वह भी इसी प्रक्रिया के दौरान कराया जा सकेगा।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार घर-घर गणना का काम 24 जुलाई तक चलेगा। इसके बाद 3 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। 3 अगस्त से 2 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। सभी दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद 1 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
