पंजाब सरकार ‘मावां धीयां सम्मान योजना’ के बाद अब महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ‘मावां धीयां दुकान’ योजना पर काम शुरू कर रही है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर देना और उन्हें आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बनाना है।
बिना किराए मिलेगी व्यवसाय के लिए जगह
प्रस्तावित योजना के तहत महिलाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए दुकान या व्यावसायिक स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। खास बात यह है कि इस स्थान के लिए महिलाओं से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे छोटी शुरुआत करने वाली महिलाओं को आर्थिक राहत मिलेगी और वे आसानी से अपना व्यवसाय चला सकेंगी।
पहले हर ब्लॉक, फिर हर गांव तक पहुंचेगी योजना
सरकार की योजना के अनुसार, शुरुआती चरण में हर ब्लॉक में ‘मावां धीयां दुकान’ स्थापित की जाएगी। इसके बाद इस पहल का विस्तार करते हुए हर गांव तक इसे पहुंचाने की तैयारी है। सरकार का कहना है कि इस योजना से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे और वे अपने परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।
