पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे ‘गैंगस्टरन ते वार’ अभियान के 163वें दिन पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर राज्यभर में बड़े स्तर पर कार्रवाई की। चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों पर एक साथ 565 छापेमारी की गई, ताकि संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
303 गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
पुलिस अभियान के दौरान 303 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 5 घोषित अपराधियों को भी पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 अवैध हथियार बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान में अब तक 42,830 गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के अनुसार, ‘गैंगस्टरन ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 42,830 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि राज्य में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क को कमजोर करने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
लोगों से मांगी सहयोग की अपील
पंजाब पुलिस ने नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी को गैंगस्टर गतिविधियों या संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी हो, तो वह एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुमनाम रूप से सूचना दे सकता है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
