पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर ‘गैंगस्टरन ते वार’ अभियान के तहत राज्यभर में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। अभियान के 170वें दिन पुलिस ने पहले से चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों पर टारगेटेड रेड कर कई संदिग्धों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस अभियान का उद्देश्य राज्य में संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाना है।
597 रेड, 323 गिरफ्तारियां और हथियार बरामद
पंजाब पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान राज्यभर में 597 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में 323 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 6 घोषित अपराधियों को भी पुलिस ने दबोच लिया। इसके अलावा तलाशी अभियान के दौरान 4 अवैध हथियार भी बरामद किए गए। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है।
अभियान में अब तक 46,009 गिरफ्तारियां
पुलिस के मुताबिक, ‘गैंगस्टरन ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 46,009 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। लगातार चल रही इस कार्रवाई के जरिए कई गैंगस्टर नेटवर्क कमजोर हुए हैं और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
गुप्त सूचना देने की अपील
पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने के लिए लोगों का सहयोग भी बेहद जरूरी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी गैंगस्टर या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुमनाम रूप से सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
