पंजाब के जगराओं में कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने नए वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पानी और जमीन को बचाने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि साफ किए गए पानी का बेहतर उपयोग कर खेती को लाभ पहुंचाने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है।
जल्द लगेगा 12 MLD का नया एसटीपी प्लांट
बरिंदर गोयल ने जानकारी दी कि जगराओं में जल्द ही 12 एमएलडी (MLD) क्षमता का एक और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित किया जाएगा। इससे शहर में सीवेज के बेहतर प्रबंधन के साथ-साथ अधिक मात्रा में ट्रीटेड पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिसका उपयोग कृषि कार्यों में किया जाएगा।
30 हजार एकड़ जमीन तक पहुंच रहा ट्रीटेड पानी
मंत्री ने बताया कि वर्तमान में पंजाब सरकार राज्यभर में करीब 30 हजार एकड़ जमीन के लिए ट्रीटेड पानी उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा 20 हजार एकड़ अतिरिक्त जमीन तक यह सुविधा पहुंचाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। सरकार का लक्ष्य भूजल संरक्षण के साथ किसानों को सिंचाई के लिए वैकल्पिक जल स्रोत उपलब्ध कराना है।
अब सीवर में नहीं जाएगा साफ किया गया पानी
बरिंदर गोयल ने कहा कि पहले की सरकारों के समय ट्रीटमेंट प्लांट में पानी साफ करने के बाद उसे दोबारा सीवर में बहा दिया जाता था। अब इस व्यवस्था में बदलाव किया गया है। ट्रीटेड पानी को पाइपलाइन के माध्यम से खेतों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे जगराओं क्षेत्र में 1,065 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलने लगी है।
