E20 पेट्रोल को लेकर जारी विवाद के बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को दिल्ली के एक पेट्रोल पंप और सर्विस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने कहा कि उन्होंने वहां वाहन चालकों और मैकेनिकों से बातचीत कर जमीनी स्थिति जानने की कोशिश की। केजरीवाल का दावा है कि कई लोगों ने उन्हें E20 पेट्रोल के इस्तेमाल के बाद माइलेज कम होने और वाहनों में तकनीकी दिक्कत आने की शिकायतें बताईं।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार E20 पेट्रोल को लेकर “सफेद झूठ” बोल रही है। उनके अनुसार, आम लोग इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से परेशान हैं और बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने माइलेज घटने तथा गाड़ियों में खराबी आने की बात कही है। उन्होंने कहा कि सरकार को लोगों की चिंताओं को गंभीरता से लेना चाहिए।

E20 को लेकर सरकार
E20 पेट्रोल को लेकर देश में अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। केंद्र सरकार और प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियों का कहना है कि E20 ईंधन उपयुक्त वाहनों के लिए सुरक्षित है। कंपनियों के अनुसार, कुछ पुराने मॉडलों में माइलेज में लगभग 3 से 3.5 प्रतिशत तक कमी आ सकती है, लेकिन व्यापक स्तर पर इंजन को नुकसान होने के प्रमाण नहीं मिले हैं। वहीं, सरकार का कहना है कि यह ईंधन आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने और प्रदूषण घटाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
