पंजाब सरकार बच्चों को सुरक्षित और स्नेहपूर्ण परिवार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि वर्ष 2024 से अब तक 87 बच्चों का कानूनी रूप से गोद लिया जाना सुनिश्चित किया गया है। यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी नियमों के तहत पूरी की गई, ताकि बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा सके।
गोद लेने की व्यवस्था को किया जा रहा मजबूत
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार राज्य में गोद लेने की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बना रही है। इसके लिए विभिन्न जिलों में स्पेशल एडॉप्शन एजेंसियों का विस्तार किया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद बच्चों को जल्द से जल्द सुरक्षित परिवार मिल सके।
अनाथ और विशेष जरूरत वाले बच्चों पर विशेष ध्यान
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अनाथ, परित्यक्त, सरेंडर किए गए और विशेष जरूरत वाले बच्चों को सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और देखभाल करने वाला परिवार उपलब्ध कराना है। इसके लिए कानूनी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और बच्चों के हितों के अनुरूप बनाया जा रहा है, ताकि हर बच्चे को बेहतर भविष्य और पारिवारिक सुरक्षा मिल सके।
