प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह ₹12,070 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह दौरा राज्य के बुनियादी ढांचे और विकास योजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
चंडीगढ़ में 45 मिनट का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:15 बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे। यहां उनका लगभग 45 मिनट का कार्यक्रम निर्धारित है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। इस दौरान कई विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जालंधर में चार कार्यक्रमों में होंगे शामिल
चंडीगढ़ के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जालंधर जाएंगे। यहां उनके चार अलग-अलग कार्यक्रम तय किए गए हैं। इन कार्यक्रमों में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी होने की संभावना है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ और जालंधर दोनों स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सुरक्षा कारणों से दोनों शहरों के कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों को अस्थायी रूप से नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है, ताकि दौरे के दौरान किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो।
