पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास और प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने सुनाम में आयोजित मेगा रोजगार मेले के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां युवाओं को सरकारी के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी अच्छी नौकरियां मिल सकें।
61 कंपनियां पहुंचीं, हजारों युवाओं ने लिया हिस्सा
संगरूर, मालेरकोटला और बरनाला जिलों के क्लस्टर का यह पहला मेगा रोजगार मेला था, जिसे उद्योग विभाग और रोजगार सृजन विभाग ने संयुक्त रूप से आयोजित किया। मेले में देश और पंजाब की 61 बड़ी कंपनियों ने हिस्सा लिया। कुल 2,129 युवाओं ने रोजगार मेले में भाग लिया। इनमें से 562 युवाओं का मौके पर ही चयन किया गया, जबकि 618 युवाओं को विभिन्न कंपनियों ने शॉर्टलिस्ट किया। चयनित युवाओं को कार्यक्रम स्थल पर ही ‘लेटर ऑफ इंटेंट’ भी सौंपे गए।
12 हजार से 42 हजार रुपये तक का वेतन
रोजगार मेले में 18 से 50 वर्ष तक के उम्मीदवारों ने भाग लिया। युवाओं को उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर 12,000 रुपये से लेकर 42,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन वाली नौकरियों के अवसर मिले। इसमें 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, बीकॉम, बीएससी, स्नातक और सीएनसी कोर्स पास उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग पद उपलब्ध कराए गए।
सरकारी और निजी क्षेत्र दोनों पर जोर
अमन अरोड़ा ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में पंजाब सरकार ने लगभग 70,000 सरकारी नौकरियां पूरी पारदर्शिता के साथ योग्य युवाओं को बिना किसी रिश्वत और सिफारिश के दी हैं। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी नौकरियों से सभी युवाओं को रोजगार देना संभव नहीं है। इसलिए सरकार ऐसा मजबूत इकोसिस्टम तैयार कर रही है, जहां निजी उद्योग और कंपनियां भी बड़े स्तर पर रोजगार उपलब्ध करा सकें।
आईटी हब और उद्योगों पर भी दिया जोर
मीडिया से बातचीत में अमन अरोड़ा ने कहा कि मोहाली पहले से ही पंजाब का प्रमुख आईटी हब बन चुका है। इसके अलावा लुधियाना, अमृतसर और जालंधर जैसे शहरों में भी हजारों युवा आईटी और औद्योगिक क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को जहां बेहतर अवसर मिलें, वहां काम करने की पूरी स्वतंत्रता होनी चाहिए। रोजगार मेले के दौरान मंत्री ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉल पर जाकर प्रतिनिधियों और युवाओं से बातचीत की तथा रोजगार प्रक्रिया की जानकारी भी ली।
