पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना राज्य की महिलाओं के लिए आर्थिक सहारा बनती जा रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने आर्थिक सहायता सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जा रही है। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और परिवारों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।
घर-घर पहुंच रही योजना का लाभ
सरकार के अनुसार, इस योजना से हजारों परिवारों की दैनिक जरूरतें पूरी हो रही हैं। कई महिलाएं इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, घरेलू खर्च और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। सरकार का कहना है कि योजना के कारण कई परिवारों में नए घरेलू साधन भी जुड़े हैं, जिससे उनका जीवन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हुआ है।
करोड़ों रुपये सीधे खातों में ट्रांसफर
हाल ही में पंजाब सरकार ने योजना के तहत करीब 33 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 1,147 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की है। अनुसूचित जाति वर्ग की पात्र महिलाओं को तीन महीने की किस्त के रूप में 4,500 रुपये, जबकि अन्य श्रेणियों की महिलाओं को 3,000 रुपये दिए गए हैं। योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया अभी भी जारी है और सरकार अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को इससे जोड़ने का प्रयास कर रही है।
सरकार ने महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर
पंजाब सरकार का कहना है कि मजबूत महिलाएं ही मजबूत और समृद्ध पंजाब की नींव हैं। इसी सोच के साथ मावां धीयां सत्कार योजना शुरू की गई है ताकि महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता मिल सके और वे परिवार के फैसलों में अधिक भागीदारी निभा सकें। सरकार ने पात्र महिलाओं से योजना में पंजीकरण कर इसका लाभ उठाने की भी अपील की है।
