NEET में सफल छात्रों का सम्मान, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस बोले- पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में बना देश का नंबर-1 राज्य
पंजाब में नीट (NEET) परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में आयोजित समारोह में कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने छात्रों को सम्मानित किया और उन्हें भविष्य में भी मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों का सकारात्मक परिणाम अब दिखाई दे रहा है।
AI को अनिवार्य विषय बनाने वाला पहला राज्य
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य है, जिसने स्कूल शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अनिवार्य विषय के रूप में शामिल करने की पहल की है। उनका कहना था कि बदलते समय के अनुसार विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़ना जरूरी है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।
स्कूलों में बढ़ीं आधुनिक सुविधाएं
शिक्षा मंत्री ने बताया कि राज्यभर के सरकारी स्कूलों में 8,887 नए कक्षाओं (क्लासरूम) का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही पंजाब के सभी सरकारी स्कूलों को WIFI सुविधा से जोड़ा गया है। उनका कहना था कि आधुनिक शिक्षा व्यवस्था और बेहतर आधारभूत ढांचे से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर वातावरण मिल रहा है।
चार वर्षों में बढ़ी NEET में सफलता
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि वर्ष 2021 तक सरकारी स्कूलों के लगभग 80 विद्यार्थी ही नीट परीक्षा में सफल हो पाते थे, जबकि पिछले चार वर्षों में यह संख्या बढ़कर 882 तक पहुंच गई है। उन्होंने इसे सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में आए सुधार का परिणाम बताया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब ने उल्लेखनीय प्रगति की है और राज्य ने प्रदर्शन के मामले में केरल को पीछे छोड़ते हुए देश में अग्रणी स्थान हासिल किया है।
